October 17, 2025

Rashtra Jagran Digital News

राष्ट्र धर्म सर्वप्रथम, सत्य साहस शौर्य

दिल्ली फिर हुआ शर्मसार, गणतंत्र दिवस के दिन हुआ गैंगरेप, काट दिए बाल और घुमाया गलियों में

दिल्ली के विवेक विहार इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना गणतंत्र दिवस के दिन सामने आई है। यहां एक महिला को कथित तौर पर अगवा कर दरिंदगी को अंजाम दिया गया फिर चेहरे पर कालिख पोत, जूतों की माला पहनाकर गलियों में घुमाया गया।

घटना पर दिल्ली महिला आयोग ने भी संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी करने की बात कही है और अब तक मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, गणतंत्र दिवस के दिन की यह घटना दिल्ली के विवेक विहार इलाके के कस्तूरबा नगर की है। इसमें पीड़ित महिला को कथित तौर पर अगवा कर सामूहिक बलात्कार और फिर मारपीट को भी अंजाम दिया गया। ऐसे में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में महिला व आरोपियों के बीच निजी रंजिश का मामला सामने आया है। हालांकि, घटना के सभी एंगल्स पर जांच की जा रही है।

पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए कहा कि, पीड़िता शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। घटना में आरोप है कि महिला को अगवा कर उसके साथ गैंगरेप को अंजाम दिया गया। फिर उसके बाल काट दिए गए और चेहरे पर कालिख पोत, जूतों की माला पहनाकर उसे सड़क पर चलने के लिए मजबूर किया गया। पुलिस के मुताबिक, उन्हें घटना की सूचना महिला की छोटी बहन ने दी थी। फिलहाल महिला की शिकायत पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसकी काउंसलिंग की जा रही है।

घटना में महिला का आरोप है कि बीते कई महीनों से उसके पड़ोस का एक युवक उसका पीछा कर रहा था। वहीं बाद में उस युवक ने बीते साल नवंबर में किन्हीं कारणों से आत्महत्या कर ली थी। ऐसे में युवक के परिजनों ने महिला को उसकी मौत का जिम्मेदार ठहराया था। महिला के साथ हुई इस घटना में कई महिलाओं की भी भागीदारी सामने आई है। दिल्ली पुलिस जांच कर अन्य आरोपियों पर भी एक्शन की तैयारी में है।

You may have missed